शेयर बाजार की गिरावट क्यों बड़ा मौका है?

शेयर बाजार में गिरावट और तेज हुई है. गुरुवार के सत्र में बाजार में नए स्तर टूटते हुए दिखे हैं. आज निफ्टी ने 24500 का स्तर तोड़ा है. इससे आगे अब नए निचले स्तर खुलने की आशंका बन गई है.  गुरुवार के सत्र के अंत में निफ्टी 200 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 24500 के स्तर पर बंद हुआ है. वहीं सेंसेक्स में 700 अंक से ज्यादा की गिरावट रही है. बैंक निफ्टी में नुकसान ज्यादा था और इंडेक्स एक फीसदी से ज्यादा टूटा है. बाजार में गिरावट से भले ही आम निवेशकों की घबराहट बढ़ी हो लेकिन दिग्गजों का नजरिया बिल्कुल अलग है. वो मान रहे हैं कि अगर धैर्य है तो यही गिरावट एक बड़ा मौका बन सकती है.

सीएनबीसी आवाज के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल के मुताबिक बाजार के लिए आज का दिन काफी खराब है.उनके मुताबिक पिछले 3-4 दिन में बाजार पूरी तरह से पलट गया. इस दौरान निफ्टी 25150 तक जाने के बाद तेजी से फिसला है. बाजार में अब हर रिकवरी पर बिकवाली हावी हो रही है आज भी यही देखने को मिला. बैंक निफ्टी बाजार की कमजोर कड़ी साबित हो रहा है.

वहीं कंप्लीट सर्किल के मैनेजिंग पार्टनर गुरमीत चड्ढा के मुताबिक बाजार मौजूदा परिस्थितियों में अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है. बाजार के लिए सबसे बुरी स्थिति थी कि भारत पर ऊंचे टैरिफ लागू हो जाएं. वो लागू हो गए हैं. वहीं विदेशी निवेशकों की बिकवाली लगातार बनी हुई है.

क्या है निवेशकों के लिए एक्सपर्ट्स की राय

बाजार के दिग्गज और एमके वेंचर्स के फाउंडर मधु केला के मुताबिक अपने लाइफ टाइम हाई से बाजार 1000-1200 अंक नीचे है ऐसे में उन्हें नहीं लगता कि इसमें बहुत चिंतित होने की जरूरत है. उन्होने भारत और अमेरिका को लेकर भी कहा कि ये छोटी अवधि का उतार-चढ़ाव है और आज नहीं तो कल डील हो ही जाएगी.  वहीं अगर सरकार का रुख देखें और 15 अगस्त का प्रधानमंत्री का भाषण सुनें तो उन्हें लगता है कि सरकार इसे एक बड़े अवसर में बदलने की कोशिश करेगी और जो भी बीते 12-18 महीने में देखने को नहीं मिला वो अगले 2-3 महीने में सरकार की तरफ से देखने को मिलेगा. उनके मुताबिक अगर आज से 4-5 महीने बाद पलट कर देखेंगे तो पाएंगे कि आज का समय एक बड़ा मौका साबित हुआ है.

वहीं हेक्सागॉन पार्टनर एलएलबी के डायरेक्टर तुषार प्रधान के मुताबिक ये निवेश का मौका है. दरअसल भारत के अपने सभी संकेत पॉजिटिव ही हैं लेकिन जो एक चिंता वैल्यूएशन को लेकर थी वो इस करेक्शन में खत्म हो रही है. ऐसे में कई जगह अब निवेश के मौके बन रहे हैं.

हालांकि उन्होने साफ किया कि एफआईआई को अभी भी भारत से बाहर मौके दिख रहे हैं ऐसे में इस बात की संभावना नहीं है कि कोई भी रिकवरी तुरंत देखने को मिले. ऐसे में सिलेक्टिव रहें और लंबी अवधि का नजरिया रखें. अगर निवेशक आज क्वालिटी स्टॉक में पैसा लगाते हैं तो 2-3 साल में अच्छा मुनाफा उठा सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *