न्यू बाराकपुर में स्कूल बैग से 10.5 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

उत्तर 24 परगना जिले के न्यू बाराकपुर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। न्यू बाराकपुर थाना पुलिस ने बुधवार देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए साजिरहाट-सोडपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास के परित्यक्त ईंट भट्ठा से 10.5 किलो गांजा बरामद किया है। इस सिलसिले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम नारायण पाल (59) है, जो हुगली जिले के चुंचुड़ा कपासडांगा इलाके का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी स्कूल बैग में भरकर उत्तर बंगाल के कोचबिहार, शीतलकुची और माथाभांगा से गांजा लेकर न्यू बाराकपुर के बिलकांदा और हेमंतनगर इलाके में सप्लाई करता था।

ACP घोला, तनय चटर्जी ने बताया कि न्यू बाराकपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूल बैग में गांजा लेकर आस-पास के थाना क्षेत्रों में डिलीवरी करने वाला है। उसी सूचना के आधार पर छापेमारी की गई और गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार नारायण पाल को NDPS एक्ट के तहत गुरुवार को बैरकपुर सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी इस मादक पदार्थ की आपूर्ति किन-किन लोगों तक कर रहा था और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, न्यू बाराकपुर और उसके आस-पास के इलाकों में ड्रग्स का अवैध धंधा लंबे समय से चल रहा है। कभी ट्रॉली बैग तो कभी स्कूल बैग का इस्तेमाल कर मादक पदार्थों की तस्करी की जाती है। पुलिस की यह कार्रवाई इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ एक सख्त संदेश मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *