रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में बीती देर रात कार्तिक उरांव फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार थार कार ने एक स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीन युवक घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर है।
हादसे के बाद बाइक थार में फंस गई और कार उसे घसीटते हुए पुराने हाईकोर्ट तक ले गई। इस दौरान बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। थार में एक युवती और दो युवक सवार थे।
हादसे के तुरंत बाद पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। हादसे ने फ्लाईओवर पर सीसीटीवी कैमरों की कमी को उजागर किया, जिसके कारण दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल पा रहा है। डोरंडा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और थार सवारों की पहचान करने में जुटी है।
