एशिया कप 2025 में बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 8 रनों से हरा दिया। बांग्लादेश के 155 रनों के जवाब में अफगानिस्तान की टीम 136 रनों पर सिमट गई। अफगानिस्तान के लिए अंत में अजमतुल्लाह उमरजई और राशिद खान ने अच्छी पारियां खेलीं, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान ने 3 विकेट लिए। जबकि रिशाद हुसैन, नसुम अहमद और तस्कीन अहमद ने 2-2 विकेट लिए। 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। अफगानिस्तान ने 18 रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए। सेदिकुल्लाह अटल पहली ही गेंद पर गोल्डन डक पर आउट हो गए। इसके बाद इब्राहिम जादरान 12 गेंदों पर सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज और गुलबदीन नईब के बीच 33 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन फिर गुलबदीन नईब 14 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रियाद ने सेट बल्लेबाज़ रहमानुल्लाह गुरबाज़ को पवेलियन भेज दिया। गुरबाज़ ने 31 गेंदों पर 35 रन बनाए। इसके बाद नबी भी 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अज़मतुल्लाह उमरज़ई एक समय मैच को नज़दीक ले जा रहे थे, लेकिन तस्कीन अहमद ने उन्हें आउट कर बांग्लादेश को मैच में वापस ला दिया। इसके बाद बांग्लादेश के सबसे अनुभवी गेंदबाज़ मुस्तफ़िज़ुर रहमान ने 19वें ओवर में राशिद खान और एएम गज़नफ़र को आउट कर बांग्लादेश की जीत सुनिश्चित कर दी। राशिद ने 11 गेंदों पर 20 रन बनाए। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 5 विकेट पर 154 रन बनाए। तनजीद हसन ने 31 गेंदों पर सबसे ज़्यादा 52 रन बनाए। वहीं, सैफ़ हसन ने 28 गेंदों पर 30 रन बनाए। तौहीद हृदॉय ने 20 गेंदों पर 26 रनों की पारी खेली। जैकर अली और नूरुल हसन ने नाबाद 12-12 रनों का योगदान दिया। अफगानिस्तान के लिए राशिद खान के अलावा नूर अहमद ने 2 विकेट लिए, जबकि अजमतुल्लाह उमरजई को 1 सफलता मिली।
एशिया कप : बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को 8 रन से हराया
