सिविक वॉलंटियर रिमांड पर, चोरी की गई 32 किलो चाय पत्ती और इस्तेमाल की गई बाइक बरामद

एनजेपी थाना क्षेत्र के टी पार्क से चाय पत्ती की चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए सिविक वॉलंटियर और उसके साथी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने चोरी की गई 32 किलो चाय पत्ती और चोरी में इस्तेमाल की गई एक बाइक बरामद की है।गिरफ्तार सिविक वॉलंटियर की पहचान उत्तम बर्मन के रूप में हुई है, जो सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के न्यू जलपाईगुड़ी ट्रैफिक गार्ड में कार्यरत था। उसके साथी का नाम विश्वजीत चौधरी उर्फ बिटला है।

पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी एनजेपी के पास टी पार्क से गुजरने वाले चाय पत्ती लदे ट्रकों को निशाना बनाते थे। जब ट्रक स्पीड ब्रेकर या बंपर पर धीमा होता, तभी यह गिरोह चालाकी से उसमें से चाय पत्ती की बोरियां नीचे गिरा देता और फिर बाइक के जरिए चोरी का माल वहां से हटा लेता। केवल चाय पत्ती ही नहीं, बल्कि अन्य सामानों की भी चोरी की घटनाएं इनसे जुड़ी हुई हैं।इस संबंध में एनजेपी थाने में शिकायत दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पिछले शुक्रवार की रात न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के लिए तीन दिन की रिमांड पर लेने के बाद, पुलिस ने अंबिका नगर के निकट माइकल मधुसूदन कॉलोनी के गार्ड पाड़ा इलाके से 32 किलो चाय पत्ती और एक बाइक बरामद की।पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को दोबारा जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *