कोक स्टूडियो भारत ने सीजन 4 के कलाकारों की सूची जारी की, क्षेत्रीय संगीत परिदृश्यों पर अपना ध्यान केंद्रित किया

भारत के म्यूजिक स्ट्रीमिंग परिदृश्य को एक नई पहचान देने वाले कोक स्‍टूडियो भारत ने तीन सफल सीजन के बाद अब सीजन 4 के साथ वापसी की है। देशभर के कलाकारों को एक मंच पर लाने और क्षेत्रीय धुनों व परंपराओं को नए रूप में पेश करने के लिए मशहूर यह प्लेटफॉर्म, इस बार ‘द लिस्ट’ के साथ नए सीजन का आगाज़ कर रहा है। इसमें इस साल हिस्सा लेने वाले कलाकारों के नामों का खुलासा किया गया है।

अगर सीजन 3 ने दर्शकों को ‘अर्ज किया है’ जैसा गाना दिया था—जिसने भारत की कविता संस्कृति को आधुनिक रूप में पेश कर चार्ट्स में टॉप किया—और ‘होली आई रे’ जैसे फेस्टिव ट्रैक दिए, तो सीजन 4 इस सिलसिले को और गहराई तक ले जाते हुए भारत की स्थानीय कहानियों और मिट्टी की धुनों पर केंद्रित है।

इस साल के लाइन-अप में आदित्य रिखारी, कुटले खान, रैवेटर, फहीम अब्दुल्ला, अर्सलान निज़ामी, मधुर शर्मा, अशोक मस्कीन, वैभव पानी, मोहम्मद फैज़, मामे खान, ख़्वाब, उत्पल उदित और रेखा भारद्वाज जैसे कलाकार शामिल हैं। यह कलाकारों का एक ऐसा बेजोड़ समूह है जो देश के अलग-अलग कोनों, अलग-अलग संगीत विरासतों और विविध श्रोताओं का प्रतिनिधित्व करता है। इस सीजन की सबसे बड़ी खूबी इसकी विविधता है। गानों का खुलासा धीरे-धीरे होगा, लेकिन सीजन 4 में व्यक्तिगत कहानियों, भक्ति, विरह, स्मृतियों और पुरानी परंपराओं को नए नज़रिए से पेश करने वाले विषय देखने को मिलेंगे। इसमें राजस्थान के लोक संगीत, कश्मीर की दास्तानगोई शैली, बनारस की सांस्कृतिक जड़ें, पंजाब की सूफी विरासत और आज के दौर के प्यार की झलक मिलेगी। अलग-अलग आवाजें, अनोखी जोड़ियां और ऐसी कहानियां जो संस्कृति, स्थान और यादों से बुनी तो हैं, लेकिन उन्हीं तक सीमित नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *