सिलीगुड़ी के प्रतिष्ठित विवेकानंद विद्यालय के हीरक जयंती (60 वर्ष) समारोह का आज एक भव्य शोभायात्रा के साथ रंगारंग शुभारंभ हुआ। बुधवार सुबह विद्यालय परिसर से शुरू हुई इस शोभायात्रा ने शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों का भ्रमण किया और वापस स्कूल परिसर में आकर संपन्न हुई।इस ऐतिहासिक अवसर पर सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव, डिप्टी मेयर रंजन सरकार, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, वर्तमान छात्र-छात्राएं, पूर्व छात्र (एलुमनी) और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
मेयर गौतम देव ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास की सराहना करते हुए छात्रों को शुभकामनाएं दीं।शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण विभिन्न विषयों पर आधारित झांकियां (Tableaux) थीं, शोभायात्रा में सती प्रथा उन्मूलन और बाल विवाह विरोधी संदेशों को प्रमुखता से दर्शाया गया।महिला शिक्षा और योग के महत्व पर विशेष झांकियां निकाली गईं। 10वीं बटालियन का बैंड और पारंपरिक आदिवासी नृत्य ने शोभायात्रा में चार चाँद लगा दिए। इसके अलावा, छात्रों ने सामाजिक जागरूकता से जुड़े पोस्टर और बैनर भी थाम रखे थे।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहितोष दास ने बताया, “फरवरी में उच्च माध्यमिक (HS) परीक्षाओं के कारण हम भव्य आयोजन नहीं कर पाए थे। इसलिए आज इस शोभायात्रा के साथ हीरक जयंती वर्ष की औपचारिक शुरुआत की गई है।”उन्होंने आगे जानकारी दी कि पूरे साल हर महीने एक विशेष सामाजिक या शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इस उत्सव का समापन अगले वर्ष फरवरी 2027 में दो दिवसीय विशेष भव्य समारोह के साथ होगा।
