भारत का अग्रणी ऑन-डिमांड सुविधा प्लेटफॉर्म स्विगी और देश का सबसे बड़ा निजी क्षेत्र का बैंक एचडीएफसी बैंक ने आज अपने को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए दो नए वेरिएंट लॉन्च करने की घोषणा की है। इनमें स्विगी ब्लैक एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड और स्विगी ऑरेंज एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड शामिल हैं। ये नए कार्ड आधुनिक उपभोक्ताओं की जीवनशैली को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं, जो रोजमर्रा के अधिक इस्तेमाल होने वाले खर्चों पर अधिकतम रिवॉर्ड और बेहतरीन वैल्यू प्रदान करते हैं। इनमें फूड डिलीवरी, क्विक कॉमर्स, बाहर खाना, लाइफस्टाइल शॉपिंग और यात्रा जैसे खर्च शामिल हैं। स्विगी एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड के मौजूदा उपयोगकर्ताओं को भी स्विगी और 30 से अधिक प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे क्लियरट्रिप, नायका, पेटीएम ट्रैवल, अमेजन, फ्लिपकार्ट और मिंत्रा पर मजबूत कैशबैक लाभ मिलता रहेगा।
2023 में हुए पहले लॉन्च की सफलता को आगे बढ़ाते हुए अब नए और मौजूदा दोनों कार्डधारकों को यात्रा और लाइफस्टाइल से जुड़े बेहतर लाभों का एक मजबूत पैकेज मिलेगा। इसमें प्रमुख पार्टनर प्लेटफॉर्म पर इंस्टेंट डिस्काउंट और अतिरिक्त कैशबैक शामिल हैं। क्लियरट्रिप पर होटल बुकिंग पर फ्लैट 19% छूट + 5% कैशबैक और फ्लाइट बुकिंग पर फ्लैट 6% छूट + 5% कैशबैक मिलेगा। वहीं नायका के सभी ऐप्स पर फ्लैट 5% छूट + 5% कैशबैक का लाभ मिलेगा। ये वेरिएंट स्विगी कैशबैक के साथ-साथ विभिन्न मर्चेंट्स पर 5% कैटेगरी में मिलने वाले कैशबैक कमाई को और बढ़ाते हैं। स्विगी ब्लैक एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड खास तौर पर लाइफस्टाइल खर्च करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसमें स्विगी पर 10% कैशबैक, प्रमुख एंटरटेनमेंट, ट्रैवल और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर 5% तक कैशबैक, अन्य लेनदेन पर 1% कैशबैक और 3 महीने की मुफ्त स्विगी वन ब्लैक सदस्यता मिलती है। वहीं रोजमर्रा की खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए स्विगी ऑरेंज एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड पेश किया गया है। इसमें स्विगी और ट्रैवल से लेकर लोकल कैब जैसी जरूरी ऑनलाइन कैटेगरी पर 5% कैशबैक, अन्य लेनदेन पर 1% कैशबैक और 12 महीने की स्विगी वन सदस्यता मिलती है।
नए लॉन्च पर स्विगी लिमिटेड के मुख्य विकास अधिकारी और सह-संस्थापक फणी किशन अड्डेपल्ली ने कहा, “स्विगी एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड को दो साल पहले रोजमर्रा के खर्च को अधिक लाभदायक और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से लॉन्च किया गया था। जैसे-जैसे उपभोक्ता लाइफस्टाइल से जुड़ी विभिन्न श्रेणियों में अधिक खर्च कर रहे हैं, वे ऐसे भुगतान विकल्प चाहते हैं जो उन्हें वास्तविक और बेहतर मूल्य दें। ब्लैक और ऑरेंज वेरिएंट के लॉन्च के साथ हम अपने को-ब्रांडेड कार्ड को और अधिक सुलभ और प्रासंगिक बना रहे हैं। इससे उपयोगकर्ताओं को स्विगी इकोसिस्टम, शॉपिंग, यात्रा और अन्य क्षेत्रों में अधिक रिवॉर्ड्स का लाभ उठाने का अवसर मिलेगा।”
