केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने बुधवार को झारखंड के गढ़वा में दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 2,460 करोड़ रुपये है। इस दौरान उन्होंने झारखंड में सड़क कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और उद्योगों के विकास के लिए कई योजनाओं का ऐलान किया। समारोह को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि “आपको बहुत अच्छी फोरलेन सड़क मिली है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति कैनेडी कहते थे कि अच्छे रास्ते होंगे, तो देश समृद्ध होगा। झारखंड खनिजों से भरपूर है। यहां के नौजवानों को काम मिलेगा, तभी विकास संभव है।
गडकरी ने अपने क्षेत्र की मिसाल देते हुए कहा कि “हमारे इलाके में पानी की किल्लत थी, जिससे 10 हजार किसानों ने आत्महत्या की। हमने तालाब बनाकर हालात बदल दिए। मिट्टी को सड़क निर्माण में लगाया। उसी मॉडल को झारखंड में लागू करूंगा। यहां भी 1,000 तालाब बनवाए जाएंगे। गडकरी ने झारखंड की तसर साड़ी और स्थानीय कला की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “हम साहेबगंज और गोड्डा भेजकर इन साड़ियों में झारखंडी डिज़ाइन तैयार करवाते हैं। इनकी देशभर में भारी मांग है। यहां कारीगरी और हुनर की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो बस प्रशिक्षण और प्रोत्साहन की।
कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने टोरी-चंदवा मार्ग और गढ़वा से अंबिकापुर तक फोरलेन सड़क को मंजूरी दी। यह निर्णय स्थानीय विधायक सत्येंद्र तिवारी और सांसद बीडी राम की मांग पर लिया गया। मंत्री ने कहा कि सांसद बीडी राम के प्रयासों का ही यह परिणाम है कि आज यह सड़क हकीकत बन रही है।
