अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, स्टॉकिस्टों की भारी लिवाली के कारण मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 800 रुपये बढ़कर 98,820 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले बाजार बंद में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली पीली धातु 98,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी में 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मंगलवार को 700 रुपये बढ़कर 98,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया। कीमती धातु सोमवार को 97,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, मंगलवार को चांदी की कीमतें 2,000 रुपये बढ़कर 1,12,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गईं। पिछले बाजार सत्र में सफेद धातु 1,10,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इस बीच, न्यूयॉर्क में सोना हाजिर 20.95 डॉलर या 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,352.61 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, चांदी हाजिर 37.39 डॉलर प्रति औंस पर अपरिवर्तित कारोबार कर रही थी।
सोना 800 रुपये उछलकर 98,820 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा
