हॉकी इंडिया लीग 2025–26 सीज़न का शेड्यूल जारी

हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) ने शनिवार को अपने 2025–26 सीज़न के पुरुष और महिला लीग के आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा की। भारत की इस प्रतिष्ठित हॉकी प्रतियोगिता के नए सीज़न की घोषणा रांची स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार उपस्थित थे। इस अवसर पर हॉकी इंडिया के महासचिव एवं हीरो हॉकी इंडिया लीग गवर्निंग कमेटी के सदस्य भोला नाथ सिंह, रांची रॉयल्स टीम के मालिक अलविश एम.ए., तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मनदीप सिंह, आशिष तानी पुर्ति, संगीता कुमारी, दीपिका सोरेंग, निक्की प्रधान और ब्यूटी डुंग डुंग भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर रांची रॉयल्स टीम का नया आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया गया, जो झारखंड की समृद्ध हॉकी परंपरा और ऊर्जा का प्रतीक है।

पुरुष और महिला लीग का कार्यक्रम

इस बार पुरुष लीग तीन प्रमुख शहरों — चेन्नई, रांची और भुवनेश्वर में आयोजित होगी, जबकि महिला लीग पिछले वर्ष की तरह पूरी तरह रांची में खेली जाएगी।

पुरुषों की हीरो एचआईएल का आगाज़ 3 जनवरी 2026 को चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में होगा, जहां मेज़बान तमिलनाडु ड्रैगन्स और हैदराबाद तूफान्स के बीच रोमांचक उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। पुरुष लीग में आठ टीमें, तमिलनाडु ड्रैगन्स, हैदराबाद तूफान्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब, श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स (पिछली चैंपियन), वेदांता कलिंगा लैंसर्स, रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स और एचआईएल गवर्निंग काउंसिल की टीमें हिस्सा लेंगी।

महिला हीरो एचआईएल की शुरुआत 28 दिसंबर 2025 को रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में होगी। उद्घाटन मैच रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच खेला जाएगा। महिला लीग में कुल चार टीमें रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब, और श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स भाग लेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *