उत्तर बंगाल का जलपाईगुड़ी जिला इन दिनों भीषण शीत लहर और घने कोहरे की चपेट में है। पूरा शहर और ग्रामीण इलाके सुबह के समय कोहरे की सफेद चादर में लिपटे नजर आ रहे हैं, जिससे सामान्य जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। ठंड का आलम यह है कि लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।जिले में तापमान का पारा 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
घने कोहरे के कारण दृश्यता (Visibility) इतनी कम हो गई है कि सड़कों पर चलने वाले वाहनों को दिन में भी हेडलाइट्स जलानी पड़ रही हैं। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव (आग) तापते नजर आ रहे हैं। चाय की दुकानों पर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है, जहां गर्मागर्म चाय की चुस्कियों के साथ लोग ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। ठंड के प्रकोप के बीच जलपाईगुड़ी के बाजारों में सर्दी की सौगात भी देखने को मिल रही है। बाजार रंग-बिरंगे फूलों, ताजी हरी सब्जियों और संतरों से पटे पड़े हैं।
इस बार बाजार में आवक अच्छी होने के कारण दाम काफी कम हैं, जिससे खरीदार और विक्रेता दोनों ही खुश नजर आ रहे हैं। विशेष रूप से रसदार संतरों और ताजी मौसमी सब्जियों की मांग सबसे अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, आज जलपाईगुड़ी का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है।
