न्यू जलपाईगुड़ी पुलिस ने नाकाम की डकैती की बड़ी साजिश, हथियार के साथ 3 बदमाश गिरफ्तार  

न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) थाना पुलिस ने बीती रात एक बड़ी डकैती की योजना को विफल करते हुए तीन बदमाशों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कश्मीर कॉलोनी इलाके में की गई।पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि सोमवार रात करीब 1:30 बजे कश्मीर कॉलोनी इलाके में 10-12 बदमाशों का एक दल किसी बड़ी डकैती को अंजाम देने के मकसद से इकट्ठा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम ने तुरंत इलाके में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए बदमाशों के नाम एमडी शकील, सुमन सरकार और पवन कुमार सिंह बताए गए हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से घातक धारलो हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी सिलीगुड़ी के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं।पुलिस ने दावा किया है कि पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और ये पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।

पुलिस इसे इलाके की सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी सफलता मान रही है।गिरफ्तार किए गए तीनों बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को इन्हें जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *