राहुल गांधी ने कांशीराम को भारत रत्न देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बहुजन समाज के नेता कांशीराम की जयंती पर उनको मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग की है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आधिकारिक पत्र लिखकर पत्र लिखकर कहा कि कांशीराम ने भारतीय राजनीति की प्रकृति को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने आंदोलनों के माध्यम से बहुजनों और गरीबों के बीच राजनीतिक जागरूकता बढ़ाई।

राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समानता, गरिमा और भागीदारी का अधिकार देता है। कांशीराम ने समाज के सबसे निचले तबके तक इन अधिकारों को सार्थक बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इससे भारतीय लोकतंत्र की नींव मजबूत हुई और राजनीतिक व्यवस्था अधिक प्रतिनिधिक तथा न्यायपूर्ण बनी। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से दलित बुद्धिजीवी, नेता और सामाजिक कार्यकर्ता कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग करते रहे हैं।

पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि कांशीराम ने लोगों को यह याद दिलाया कि उनका वोट, उनकी आवाज और उनका प्रतिनिधित्व महत्वपूर्ण है और यह देश सभी का समान रूप से है। उनके प्रयासों के कारण उन लोगों ने राजनीति को न्याय और समानता हासिल करने का माध्यम माना, जिन्होंने कभी सार्वजनिक जीवन में आने के बारे में नहीं सोचा था। राहुल गांधी ने कहा कि कांशीराम को मरणोपरांत भारत रत्न देने से राष्ट्र के प्रति उनके विशाल योगदान को मान्यता मिलेगी और उन लाखों लोगों की आकांक्षाओं का सम्मान होगा, जो उन्हें सशक्तिकरण और आशा के प्रतीक के रूप में देखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *