वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और डॉलर के कमजोर होने से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे बढ़कर 86.60 पर पहुंच गया। गुरुवार को रुपया 30 पैसे टूटकर दो महीने से अधिक समय के निचले स्तर 86.73 पर बंद हुआ था, पिछले तीन सत्रों के दौरान इसमें कुल 69 पैसे की गिरावट दर्ज की गई थी। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.65 पर खुला और फिर 13 पैसे बढ़कर 86.60 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 13 पैसे अधिक है। फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “ईरान-इजराइल युद्ध की अनिश्चितता बनी हुई है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के प्रवेश को केवल 2 सप्ताह के लिए स्थगित किया है… रुपया 86.35/95 के बीच में रहने की उम्मीद है। निर्यातकों को डॉलर बेचने का अच्छा मौका मिल रहा है क्योंकि जब लड़ाई खत्म होगी तो हम रुपया 85.50/75 के स्तर पर वापस देख सकते हैं, जो जुलाई में हो सकता है।” “आयातकों को हेजिंग के लिए इंतजार करना होगा, जबकि निर्यातक 86.85/90 के स्तर पर बेचना जारी रख सकते हैं। पिछले तीन दिनों में एफपीआई इक्विटी के छोटे खरीदार रहे हैं और बिक्री ज्यादातर मिड-कैप और स्मॉल कैप में हुई है क्योंकि मध्य पूर्व में युद्ध के बावजूद सूचकांक में ज्यादा गिरावट नहीं आई है।” इस बीच, डॉलर इंडेक्स, जो छह मुद्राओं की टोकरी के मुकाबले डॉलर की ताकत को मापता है, 0.31 प्रतिशत कम होकर 98.59 पर कारोबार कर रहा था। घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 289.43 अंक चढ़कर 81,651.30 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 88.25 अंक बढ़कर 24,881.50 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.46 प्रतिशत घटकर 76.91 डॉलर प्रति बैरल रह गया। भंसाली ने कहा, “जैसा कि व्हाइट हाउस की विज्ञप्ति में कहा गया है कि ट्रंप दो सप्ताह में फैसला करेंगे कि ईरान पर हमला करना है या नहीं, विभिन्न परिसंपत्ति वर्गों में कुछ राहत मिली और ब्रेंट ऑयल की कीमत रातोंरात लगभग 3 प्रतिशत बढ़कर 77.16 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।”
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे बढ़कर 86.60 पर पहुंचा
