एनजेपी रेल क्वार्टर में हुई सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के गहने बरामद

एनजेपी थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई एक चौंकाने वाली चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी बरामद किए हैं।यह घटना 13 जुलाई की रात सेंट्रल कॉलोनी स्थित नेताजी क्लब के पास हुई थी, जहाँ चोरों ने रेलवे क्वार्टर में रहने वाले एक परिवार को निशाना बनाया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि चोरों ने घर के सभी सदस्यों को बेहोश करने के लिए नशीली गैस या दवा का इस्तेमाल किया, और जब पूरा परिवार अचेत हो गया, तब चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने के गहने और अन्य कीमती सामान चुरा लिया।घटना की जानकारी मिलते ही न्यू जलपाईगुड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लंबी छानबीन और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस को पहली सफलता एक महीने दस दिन बाद मिली, जब उन्होंने संजय मंडल नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान संजय ने अपने एक साथी नंदू तिर्की का नाम उजागर किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में लिया।एनजेपी थाने की सादा पोशाक की पुलिस ने नंदू तिर्की के पास से चोरी गए कुछ सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस चोरी में और कौन-कौन शामिल था और क्या कोई बड़ा गिरोह इसके पीछे है।फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और आगे की पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *