पटना : प्रदेश में भीषण गर्मी से चार लोगों की मौत हो गई। सोमवार की देर रात खगड़िया में एक शिक्षक की जान चली गई, वहीं मंगलवार को वैशाली में एक छात्र तथा सारण जिले में दो अन्य की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग बीमार हो गए। खगड़िया जिले में लू के शिकार अशोक सिंह गोगरी नगर परिषद क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय, बड़ीचक में शिक्षक थे।
अशोक भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमालदीपुर के रहने वाले थे। इसकी जानकारी प्राथमिक विद्यालय बड़ीचक के प्रधानाध्यापक अजय कुमार रजक ने दी। अशोक नियोजित शिक्षक थे और वे 2014 से उक्त विद्यालय में
कांर्यरत थे। सोमवार को अशोक सिंह विद्यालय से 12.10 बजे के आसपास बाइक से अपने घर के लिए निकले। शाम साढ़े चार बजे के आसपास उनकी तबीयत बिगड़ गई। सोमवार की देर रात घर से अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।