सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रधान नगर थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुंग बस्ती इलाके में एक सुनसान जगह पर दर्जनों बदमाश आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस ने कल रात छापेमारी की। पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही अधिकांश बदमाश भाग निकले, लेकिन तीन पुलिस के जाल में फंस गए। गिरफ्तार किए गए बदमाशों के नाम विश्वजीत बर्मन, कमलेश्वर बर्मन और विजय रॉय हैं।
इन बदमाशों के पास से कई आपराधिक औजार बरामद किए गए हैं। सभी को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने घटना की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आपराधिक वारदातों को अंजाम देने से पहले ही यह छापेमारी करके एक बड़े खतरे को टाला जा सका।
