निजीकरण के खिलाफ सिलीगुड़ी में उत्तरबंग परिवहन निगम के कर्मचारियों ने किया प्रतीकात्मक अनशन

स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति, अस्थायी कर्मचारियों के वेतन और बोनस में बढ़ोतरी, तथा उत्तरबंग राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) को निजीकरण से बचाने की मांग को लेकर गुरुवार को सिलीगुड़ी   डिपो परिसर में प्रतीकात्मक एकदिवसीय अनशन पर बैठे निगम के कर्मचारी। इस आंदोलन का आयोजन नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट एम्प्लॉयीज़ यूनियन की ओर से किया गया।

यूनियन ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर निगम की बुनियादी ढांचे को कमजोर कर रही है। फिलहाल पूरे निगम में मात्र साढ़े चार सौ स्थायी कर्मचारियों के भरोसे सेवाएं चल रही हैं, जबकि लंबे समय से किसी भी स्थायी पद पर नियुक्ति नहीं की गई है।वहीं, अस्थायी कर्मचारी भी वर्षों से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

बोनस की अपर्याप्तता ने भी कर्मचारियों के असंतोष को और बढ़ा दिया है।कर्मचारियों को आशंका है कि धीरे-धीरे निगम के रूट और टिकटिंग सेवाएं निजी कंपनियों को सौंप दी जा रही हैं, जिससे एनबीएसटीसी को पूर्णतः निजीकरण की ओर धकेला जा रहा है।प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गईं, तो भविष्य में और भी बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *